मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
नगर पालिक निगम बुरहानपुर में अनुकंपा नियुक्ति के अंतर्गत श्री आकाश मनोहर सालवे को सामान्य प्रशासन विभाग में भृत्य के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है। नगर पालिक निगम के आयुक्त द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के क्रम में महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने श्री सालवे को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने नव नियुक्त कर्मचारी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य दिवंगत कर्मचारी के परिवार को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करना है। उन्होंने नव नियुक्त कर्मचारी से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की अपेक्षा व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि शासन के नियमानुसार स्वर्गीय श्री मनोहर काशीराम सालवे, माली के पुत्र श्री आकाश मनोहर सालवे को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है। नियुक्ति आदेश में निर्धारित शर्तों एवं परिवीक्षा अवधि के अधीन उन्हें नियुक्ति दी गई है।
इस अवसर पर आयुक्त श्री संदीप श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त सुश्री स्वर्णिका वर्मा, सहायक लेखाधिकारी श्री विक्रम पोरवाल एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री हरीश मोरे उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी नव नियुक्त कर्मचारी को शुभकामनाएं दीं।
