मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव पुलिस अनुविभाग के अंतर्गत थाना माहूलझिर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरवरी माह से लापता एक नाबालिग बालिका को राजस्थान से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
थाना प्रभारी अनिल राठौड़ ने बुधवार, 16 सितंबर को शाम 5 बजे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर उसका अपहरण कर राजस्थान ले गया था। वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर मामले की जांच करते हुए नाबालिग बालिका को राजस्थान से सकुशल बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस ने बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी अनिल राठौड़ के नेतृत्व में आरक्षक राहुल राजपूत सहित पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
