मक़सूद अली, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:
महाराष्ट्र राज्य जिला परिषद कर्मचारी पेंशन वेलफेयर एसोसिएशन की महाराष्ट्र राज्य कार्यकारिणी ने सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार प्रफुल्ल मेश्राम (यवतमाल) को महाराष्ट्र राज्य मंत्रालय संपर्क प्रमुख नियुक्त किया है। राज्य के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं को मंत्रालय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाकर उन्हें न्याय दिलाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब मेश्राम को सौंपी गई है।
महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनरों को पेंशन, शासन निर्णय, लंबित मांगों तथा विभिन्न प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए मंत्रालय स्तर पर प्रभावी संपर्क व्यवस्था की आवश्यकता को देखते हुए राज्य कार्यकारिणी ने प्रफुल्ल मेश्राम की नियुक्ति का निर्णय लिया।
एसोसिएशन की ओर से बताया गया कि मेश्राम के करीब 25 वर्षों के सामाजिक कार्य तथा पत्रकारिता के माध्यम से विभिन्न जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के कार्य को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंत्रालय संपर्क प्रमुख के रूप में मेश्राम की भूमिका राज्य के पेंशनर कर्मचारियों की समस्याओं को मंत्रालयीन स्तर पर संबंधित विभागों तक पहुंचाना, लंबित मांगों का निरंतर फॉलोअप करना तथा शासन से सकारात्मक निर्णय प्राप्त करने के लिए प्रयास करना होगी।
इस अवसर पर प्रफुल्ल मेश्राम ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अधिकार एवं न्याय से जुड़े मुद्दों के लिए मंत्रालय स्तर पर निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने संगठन द्वारा उन पर विश्वास जताकर यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए आभार व्यक्त किया।
मेश्राम की नियुक्ति का राज्य के पेंशनर एवं कर्मचारी वर्ग की ओर से स्वागत किया जा रहा है।
इस अवसर पर महाराष्ट्र कार्याध्यक्ष हरिभाऊ राऊत, राज्य कार्यकारिणी उपसल्लाहकार संदीप भोयर, जिला सलाहकार प्रवीण टिके, कोषाध्यक्ष शंकर कदम, जिला महासचिव भारत बीतकर तथा प्रचार प्रमुख पवन आत्राम सहित अन्य पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
