राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
देवरी विधानसभा क्षेत्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार, जुआ-सट्टा और बढ़ते अपराधों के विरोध में पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस महानिदेशक के नाम 8 सूत्रीय ज्ञापन देवरी थाना प्रभारी को सौंपा। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस एजेंसी के पास एकत्र होकर नगर के प्रमुख मार्गों से रैली निकाली और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
एसडीओपी कार्यालय पहुंचने के बाद हर्ष यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक जी-हुजूरी में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि देवरी, केसली, गौरझामर और महाराजपुर थाना क्षेत्रों में अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
ज्ञापन में अवैध शराब, गांजा, स्मैक सहित अन्य मादक पदार्थों की बिक्री, जुआ-सट्टा, चोरी, लूट, मारपीट, गोलीकांड, महिला अपराध तथा नाबालिग बालिकाओं के गुमशुदगी और अपहरण जैसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
कांग्रेस ने बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों की जांच की मांग करते हुए मृतकों की संख्या और घटना से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही पुलिस अथवा आबकारी विभाग की लापरवाही या मिलीभगत सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में देवरी विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब के पूरे नेटवर्क की जांच कर मुख्य सप्लायरों और तस्करों तक पहुंचने, युवाओं में बढ़ते नशे पर रोक लगाने तथा स्मैक एवं अन्य मादक पदार्थों की सप्लाई लाइन को चिन्हित करने की मांग भी शामिल रही। कांग्रेस ने सागर, दमोह, नरसिंहपुर सहित आसपास के जिलों से जुड़े नशे के नेटवर्क की संयुक्त जांच की मांग की।
धार्मिक स्थलों में चोरी की घटनाओं, जुआ-सट्टा और कथित ‘रिस्क’ के अड्डों पर भी कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इन गतिविधियों को राजनीतिक संरक्षण और पुलिस की मिलीभगत मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
महिला अपराधों की थाना-वार समीक्षा, लंबित मामलों के समयबद्ध निराकरण, महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की मांग की गई। स्कूल-कॉलेजों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा के लिए छुट्टी और स्कूल खुलने के समय विशेष पुलिस व्यवस्था करने की बात भी ज्ञापन में कही गई।
हर्ष यादव ने चेतावनी दी कि यदि अवैध शराब, मादक पदार्थों, जुआ-सट्टा और अपराधों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस क्षेत्रवासियों के साथ आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

