बिना सरकारी सहायता कॉलेज का कायाकल्प करने वाले प्रधानाचार्य कैप्टन मुरलीधर शर्मा सम्मानित | New India Times

अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

किशोरी रमन इंटर कॉलेज, मथुरा के प्रधानाचार्य कैप्टन मुरलीधर शर्मा द्वारा बिना किसी सरकारी सहायता के विद्यालय में छात्रों के लिए स्मार्ट क्लास, आरओ का शुद्ध पेयजल, बिजली के लिए सोलर पैनल, कार्यक्रमों के लिए ऑडिटोरियम, गर्मी से राहत के लिए नए पंखों तथा पूजा के लिए मंदिर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के सराहनीय कार्य के लिए उन्हें एवं कॉलेज के स्टाफ को सम्मानित किया गया।

बृज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति रजि. उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित के नेतृत्व में महासचिव मोहन श्याम शर्मा, चंद्र मोहन दीक्षित सहित प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानाचार्य कैप्टन मुरलीधर शर्मा एवं कॉलेज के स्टाफ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर, फूल माला एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया।

संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने कहा कि सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को कैप्टन मुरलीधर शर्मा से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने बिना किसी सरकारी सहायता के पूरे कॉलेज का कायाकल्प कर दिया है। पिछले 26 वर्षों से कॉलेज में कोई मैनेजमेंट नहीं होने के बावजूद विद्यालय आज भी पूरी तरह व्यवस्थित और आकर्षक दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि मन में यदि किसी कार्य को करने का दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी रुकावट व्यक्ति को अपने लक्ष्य तक पहुंचने से नहीं रोक सकती।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य कैप्टन मुरलीधर शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कॉलेज के विकास कार्यों में खर्च हुई राशि में पूर्व में यहां पढ़ने वाले छात्रों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कॉलेज को दान देकर विकास कार्यों में सहयोग किया। साथ ही, यहां कार्यरत स्टाफ ने भी पांच लाख रुपये का सहयोग दिया है। इसी सहयोग और मेहनत का परिणाम है कि आज कॉलेज का कायाकल्प हुआ है।

सम्मानित होने वालों में वीरेंद्र उपाध्याय, संजय पचौरी, मुकेश कुमार शर्मा, उमेश चंद सारस्वत, राजकुमार तिवारी, विजय सिंह, सत्येंद्र सिंह, विजेंद्र प्रताप सिंह, अमिता सिंह, मनीषा सिंह एवं रेनू उपाध्याय शामिल रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version