वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
गुलरिया पत्थर शाह के महतिन टांडा गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। हत्या की आशंका जताते हुए मृतका के परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। मामले को लेकर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
गांव निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि गांव का ही राजू पुत्र मन्नू, उम्र करीब 32 वर्ष, उनकी बेटी सुमन के साथ करीब ढाई साल से लखीमपुर में रह रहा था। रक्षाबंधन के अवसर पर राजू बच्चों के साथ अपने घर आया था। इस दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसे घर से बाहर कर दिया गया था।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि गांव के बाहर उनकी बेटी का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि शव के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे।
परिजनों का कहना है कि वे कुछ समझ पाते, इससे पहले ही पुलिस उन्हें कोतवाली ले गई। परिजनों ने यह आरोप भी लगाया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाते समय परिवार के किसी सदस्य को साथ जाने की अनुमति नहीं दी गई।
मृतका सुमन के एक बेटी संजना, उम्र 9 वर्ष, और एक बेटा आयुष, उम्र 7 वर्ष है। दोनों नवभारत स्कूल में पढ़ते हैं।
पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम शव गांव पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर सीओ ने भी परिजनों से मुलाकात की और उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
गांव से करीब 500 मीटर दूर मिला शव
बताया गया है कि गांव से करीब 500 मीटर दूर उत्तर दिशा में आरोपी राजू का खेत है। इसी खेत में दो कमरे बने हुए हैं, जिन पर टीन शेड पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार, पहले इन कमरों में राजू द्वारा स्कूल संचालित किया जाता था। बताया जा रहा है कि इन्हीं कमरों में से एक में घरेलू सामान के साथ मृतका सुमन का शव मिला था।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
