मेडिकल जांच में न भटकें हज यात्री, अलग कैंप की हो व्यवस्था,हाजी मोहम्मद इमरान बोले ,पहले से तय हो तारीख, समय और जांच की प्रक्रिया | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

हज-2027 की तैयारियों के बीच हज यात्रियों के मेडिकल परीक्षण को लेकर सुविधाजनक एवं स्पष्ट व्यवस्था किए जाने की मांग उठ रही है। कौमी खिदमतगार भोपाल के हाजी मोहम्मद इमरान ने मध्यप्रदेश हज कमेटी से मांग की है कि चयनित हज यात्रियों के मेडिकल परीक्षण के लिए अपनी निगरानी में किसी सरकारी अस्पताल में अलग से मेडिकल कैंप लगवायें, ताकि हज यात्रियों को जांच के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

हाजी मोहम्मद इमरान ने कहा कि हज यात्रियों के मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट जानकारी और उचित मार्गदर्शन बेहद जरूरी है। उन्होंने मांग की कि संबंधित सरकारी अस्पताल में मध्यप्रदेश हज कमेटी की ओर से एक मार्गदर्शक नियुक्त किया जाए, जो यात्रियों को मेडिकल जांच की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध करा सके।

हाजी इमरान का कहना है कि हाल ही में कुछ हज यात्री भोपाल के 1250 स्थित सरकारी अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए पहुंचे थे। लेकिन अस्पताल प्रबंधन की ओर से हज यात्रियों के मेडिकल परीक्षण के संबंध में जानकारी उपलब्ध नहीं होने का हवाला देते हुए उनकी जांच नहीं की गई। इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

हाजी इमरान ने कहा कि यदि हज यात्रियों के लिए सरकारी अस्पताल अथवा सरकारी व्यवस्था के तहत कराया गया मेडिकल परीक्षण ही मान्य किया जाना है, तो हज कमेटी और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय होना आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि हज-2027 की मेडिकल प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही संबंधित अस्पताल में अलग मेडिकल कैंप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल कैंप की तारीख, समय, स्थान और जांच की प्रक्रिया की जानकारी हज यात्रियों को पहले से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही अस्पताल में हज कमेटी की ओर से एक मार्गदर्शक की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की जानकारी के लिए भटकना न पड़े।

हाजी मोहम्मद इमरान के मुताबिक, हज यात्रियों के लिए समय पर और व्यवस्थित मेडिकल जांच की सुविधा उपलब्ध कराने से अनावश्यक परेशानी कम होगी तथा हज यात्रा की तैयारियों से जुड़ी प्रक्रिया भी सुचारु रूप से पूरी की जा सकेगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version