मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत दातला के प्रवेश द्वार के पास एक बुजुर्ग महिला भटकते हुए पहुंच गई। लगभग 80 से 85 वर्ष आयु की महिला अपना नाम और पता बताने में असमर्थ थी तथा अपने घर का पता भी नहीं बता पा रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची। पायलट शिवकुमार अमरवंशी एवं आरक्षक राम अवतार तिवारी ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई और सूचना प्रसारित की। काफी प्रयासों के बाद महिला के घर का सुराग मिला।
डायल-112 के लिए यह एक चुनौतीपूर्ण कार्य था, लेकिन महिला के परिजनों के लिए यह उम्मीद की किरण साबित हुआ। जांच के दौरान पता चला कि महिला ग्राम हर्निया, थाना बोरदेही की निवासी है। इसके बाद डायल-112 की टीम ने महिला को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एक बार फिर डायल-112 ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए बिछड़े परिवार को मिलाने का सराहनीय कार्य किया।
