वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
लखीमपुर खीरी जिले में मोहाना और कर्णाली नदियों के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। तहसील निघासन के ग्राम जसनगर स्थित गिरजा बैराज के एफ्लक्स बंधे के पास नदी द्वारा किए जा रहे कटान को रोकने के लिए शारदा नगर सिंचाई खंड द्वारा संचालित फ्लड फाइटिंग (बाढ़ बचाव) कार्यों का जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्यों की गति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अब तक किए गए कार्यों तथा आगे की कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कटान रोकने के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सभी बाढ़ बचाव कार्यों को तेज गति से, गुणवत्तापूर्ण तरीके से तथा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने एफ्लक्स बंधे के अंदर डूब क्षेत्र में बसी आबादी की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने उपजिलाधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रभावित ग्रामीणों के सुरक्षित विस्थापन की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह, अधिशासी अभियंता (बाढ़ खंड) अजय कुमार, अधिशासी अभियंता (सिंचाई खंड शारदा नगर) करणपाल गंगवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
