अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ गुजरात द्वारा स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात के सहयोग से अहमदाबाद में वार्षिक पुरस्कार एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह राज्यपाल आचार्य देवव्रत की अध्यक्षता तथा राज्यसभा के पूर्व सांसद नरहरि अमीन की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को गणमान्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान मथुरा के वरिष्ठ पत्रकार अली अब्बास ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन आने का निमंत्रण दिया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेलों को आवश्यक बताया। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल और स्क्रीन की बढ़ती लत बच्चों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।
कार्यक्रम में राज्यसभा के पूर्व सांसद नरहरि अमीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों के बजट में 33 गुना वृद्धि की गई है। उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं के तहत 2,800 से अधिक खिलाड़ियों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये की छात्रवृत्ति के साथ विश्वस्तरीय कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है।
समारोह में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ गुजरात के अध्यक्ष तुषार त्रिवेदी, मंत्री नरेंद्र पंचोली, संरक्षक हितेश पटेल, उपाध्यक्ष साबू चेरियन, रामकृष्णन पंडित, वरिष्ठ पत्रकार अजय उमट, वरिष्ठ पत्रकार जिग्नेश बोरा, वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार तोमर सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, वरिष्ठ खिलाड़ी एवं आमंत्रित अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
