योजनाओं की जानकारी के अभाव में कई जरूरतमंद लाभार्थी वंचित: अल्ताफ हुसैन | New India Times

मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

योजनाओं की जानकारी के अभाव में कई जरूरतमंद लाभार्थी वंचित: अल्ताफ हुसैन | New India Times

सरकारी योजनाओं और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की जानकारी के अभाव में आज भी अनेक जरूरतमंद लोग शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। नागरिकों को सरकारी योजनाओं, अधिकारों, आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया की नि:शुल्क जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मूवमेंट फॉर पीस एंड जस्टिस (MPJ) की ओर से उमरखेड़ के नाग चौक स्थित अबरार कॉम्प्लेक्स में सूचना केंद्र शुरू किया गया।
हजरत मोहम्मद पैगंबर के जन्मदिन के अवसर पर 26 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में MPJ के प्रदेश उपाध्यक्ष अल्ताफ हुसैन ने कहा कि आजादी के दशकों बाद भी आम नागरिकों में अपने मूलभूत एवं संवैधानिक अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं को लेकर अपेक्षित जागरूकता नहीं है। शासन की योजनाएं आम जनता के लिए हैं, लेकिन सही जानकारी के अभाव में पात्र लोग भी इनके लाभ से वंचित रह जाते हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना केंद्र के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, संवैधानिक अधिकारों, आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। विशेष रूप से अनाथ, दिव्यांग, विधवा, आर्थिक रूप से कमजोर तथा अन्य जरूरतमंद नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
MPJ पदाधिकारी अंसार हुसेनी ने बताया कि केंद्र पर राशन, सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों, शिक्षा सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र का उद्देश्य नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम के उद्घाटक डॉ. आरिफ अबरार ने सूचना केंद्र के लिए अपनी जगह उपलब्ध कराने के साथ ही कार्य संचालन के लिए लैपटॉप भी भेंट किया। उन्होंने इस पहल में सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में शिक्षण सभापति रसूल पटेल, नगरसेवक गणेश खंदारे, कांग्रेस नेता गोपाल अग्रवाल, युसुफ सौदागर, राजू कवाने, नाहीद नवाब, सिराज हक, महेमुद खान, खाजा भाई, MPJ सचिव गजानन दामोदर, देवानंद मोरे, पुसद के नगरसेवक एडवोकेट वसीम अहमद सहित सामाजिक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की प्रस्तावना डॉ. फारूक अबरार ने रखी। संचालन फिरोज अंसारी ने किया, जबकि आभार मोहसीन राज ने माना। उपस्थित नागरिकों ने सूचना केंद्र की शुरुआत को सरकारी योजनाओं की जानकारी और नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version