देवरी में हर्षोल्लास से मनाया जश्ने ईद मिलादुन्नबी, अस्पताल में मरीजों को फल-हलवा वितरित कर की गई जल्द स्वस्थ होने की कामना | New India Times

त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

देवरी में हर्षोल्लास से मनाया जश्ने ईद मिलादुन्नबी, अस्पताल में मरीजों को फल-हलवा वितरित कर की गई जल्द स्वस्थ होने की कामना | New India Times

देवरी नगर में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व मुस्लिम समाज द्वारा हर्षोल्लास, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिवस के अवसर पर नगर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पर्व को लेकर करीब एक सप्ताह पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में झंडे, बैनर और होर्डिंग लगाए गए तथा आकर्षक विद्युत सजावट की गई।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं। कार्यक्रम की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी में मरीजों एवं अस्पताल स्टाफ को फल और हलवा वितरित करने के साथ हुई। इस दौरान मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई।
इसके बाद गांधी वार्ड स्थित बस स्टैंड से जश्ने ईद मिलादुन्नबी का विशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस संजय नगर पहुंचा, जहां मुस्लिम समाज के लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों का इस्तकबाल किया। यहां पानी एवं तबर्रुक का वितरण किया गया। इसके बाद जुलूस सिविल लाइन चौराहा, मुख्य सड़क, गांधी वार्ड, नगर पालिका चौराहा, शाह मोहल्ला होते हुए रंगरेज मोहल्ला स्थित मदीना मस्जिद पहुंचा।
जुलूस में बड़ी संख्या में युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। डीजे, ढोल और नगाड़ों के साथ निकले जुलूस में लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। गांधी वार्ड, संजय नगर, कांसखेड़ा, रंगरेज मोहल्ला और तकिया मोहल्ला सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के लोग जुलूस में शामिल हुए।

नगर पालिका अध्यक्ष नेहा जैन ने किया स्वागत
जुलूस के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नेहा जैन एवं पार्षद त्रिवेंद्र जाट ने मुस्लिम समाज के लोगों का फूल बरसाकर स्वागत किया। उन्होंने जुलूस में शामिल लोगों के लिए पानी की व्यवस्था की तथा बच्चों को चॉकलेट वितरित की। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष एवं पार्षद ने सभी को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हुए शुभकामनाएं दीं।

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
विशाल जुलूस का नगर के विभिन्न स्थानों पर लोगों द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। कई जगह पानी एवं तबर्रुक का वितरण किया गया, जबकि लोगों ने पुष्पवर्षा कर जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया। जुलूस में शामिल बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह नजर आया।

वक्ताओं ने दिया भाईचारे और इंसानियत का संदेश
जहीद खान ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिवस पर अस्पताल में मरीजों एवं स्टाफ को फल-हलवा वितरित किया गया। उन्होंने सभी मरीजों के जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना की।
अनवर कुरैशी ने देवरी नगरवासियों को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हुए कहा कि सभी लोग स्वस्थ रहें और मिल-जुलकर भाईचारे के साथ रहें। उन्होंने कहा कि यही मोहम्मद साहब का पैगाम है।
अमजिद खान ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब ने इंसानियत के साथ जीवन जीने और अपने वतन के प्रति वफादार रहने का संदेश दिया। उन्होंने सभी से देश की एकता और भाईचारे को मजबूत करने की अपील की।
समीम उर्फ गुटी खान ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकला विशाल जुलूस आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक रहा। उन्होंने कहा कि जुलूस का हिंदू भाइयों द्वारा जगह-जगह स्वागत किया जाना देवरी की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सद्भाव को दर्शाता है।
पूरे आयोजन के दौरान नगर में भाईचारे, सौहार्द और एकता का माहौल देखने को मिला। मुस्लिम समाज ने शांतिपूर्ण ढंग से जश्ने ईद मिलादुन्नबी मनाया। विशाल जुलूस के दौरान नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें सहभागिता की।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version