अहमद रज़ा, वाराणसी (यूपी), NIT:
मंगलवार सुबह काजीपुर खुर्द निवासी सलीमुद्दीन उर्फ पप्पू (45) और उनके पुत्र अनस (18) मिलाद-उन-नबी (बारावफात) की तैयारियों में जुटे थे। घर पर रंग-रोगन के साथ सजावट का काम भी किया जा रहा था। बारिश के बीच इलेक्ट्रीशियन के नहीं आने पर पिता-पुत्र खुद ही बिजली की झालर लगाने लगे।
झालर लगाने के बाद अनस उसकी जांच कर रहा था। कुछ स्थानों पर बल्ब नहीं जलने पर वह तार काटकर नए बल्ब लगाने लगा। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया और अनस करंट की चपेट में आकर तार से चिपक गया।
बेटे को करंट लगा देखकर पिता सलीमुद्दीन उसे बचाने पहुंचे, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। परिजनों और आसपास के लोगों ने बिजली की आपूर्ति बंद कर दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही मोहल्ले में मातम छा गया। स्थानीय लोगों ने सिगरा पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
