आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ, भिंड (मप्र), NIT:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 26 अगस्त को भिण्ड जिले के औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में गॉदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की विस्तारित चौथी विनिर्माण इकाई का शुभारंभ करेंगे। इकाई के विस्तार पर 450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। इससे उत्पादन क्षमता में वृद्धि के साथ 2,250 से अधिक नए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव लोक निर्माण विभाग में नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रमाण-पत्र भी वितरित करेंगे। इस अवसर पर श्रम, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा भिण्ड जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि और गॉदरेज समूह के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
विस्तार परियोजना के तहत 10 मीट्रिक टन प्रति घंटे क्षमता वाला निरंतर सैपोनिफिकेशन संयंत्र तथा प्रति मिनट 217 बंडल की क्षमता वाली स्वचालित पैकेजिंग प्रणाली स्थापित की जा रही है। इसके अलावा प्रतिवर्ष 42 करोड़ हेयर कलर सैशे, 14 करोड़ मच्छर निरोधक उत्पाद और 10 करोड़ एयर फ्रेशनर सैशे के उत्पादन की क्षमता विकसित होगी। हेयर क्रीम उत्पादन की क्षमता भी बढ़कर 7,300 मीट्रिक टन प्रतिवर्ष हो जाएगी।
इस विस्तार से भिण्ड और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होने के साथ स्थानीय औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। राज्य सरकार को प्रतिवर्ष लगभग 185 करोड़ रुपये के अतिरिक्त केंद्रीय एवं राज्य जीएसटी राजस्व की प्राप्ति होने की संभावना है।
पर्यावरण संरक्षण पर भी ज़ोर
गॉदरेज की ओर से उत्पादन विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मालनपुर संयंत्र में शून्य तरल अपशिष्ट उत्सर्जन प्रणाली के साथ 204 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाएगा। कंपनी वर्ष 1991 से मालनपुर में संचालित है और इसका संयंत्र 65 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां अब तक करीब 850 करोड़ रुपये का संचयी निवेश किया जा चुका है।
तीन दशक से अधिक समय में मालनपुर संयंत्र गॉदरेज के प्रमुख विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित हुआ है। यहां साबुन, हेयर कलर और घरेलू कीटनाशक सहित विभिन्न उत्पादों का निर्माण किया जाता है। वर्तमान में संयंत्र में प्रतिवर्ष 1.50 लाख मीट्रिक टन साबुन नूडल्स और 70 हजार मीट्रिक टन तैयार टॉयलेट साबुन के उत्पादन की क्षमता है।
विस्तार के बाद साबुन नूडल्स की उत्पादन क्षमता बढ़कर 2 लाख मीट्रिक टन तथा तैयार साबुन की क्षमता 1.20 लाख मीट्रिक टन प्रतिवर्ष हो जाएगी। इस तरह कुल उत्पादन क्षमता 3.20 लाख मीट्रिक टन प्रतिवर्ष तक पहुंच जाएगी। कंपनी के अनुसार, इस विस्तार के साथ मालनपुर संयंत्र एशिया की सबसे बड़ी एकीकृत साबुन विनिर्माण इकाइयों में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
