अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल द्वारा ट्रेनों में अनाधिकृत रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले वेंडरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सीनियर डीसीएम श्री सौरभ कटारिया के निर्देशन में अगस्त माह में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक 25 से अधिक यात्री ट्रेनों में जांच की गई।
जांच के दौरान 47 अनाधिकृत वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 90 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया। रेलवे की टीम ने दरभंगा-अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस, रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस, हैदराबाद-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, हापा-नाहरलगुन स्पेशल, हजरत निजामुद्दीन-एर्नाकुलम एक्सप्रेस और बनारस-उधना एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में जांच की।

अभियान के दौरान बिना अनुमति खान-पान सामग्री बेचने वाले वेंडरों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 144 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई। रेल प्रशासन का कहना है कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर अधिकृत खान-पान व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है और अनाधिकृत वेंडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

सीनियर डीसीएम श्री सौरभ कटारिया ने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खान-पान उपलब्ध कराना रेल प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए अधिकृत खान-पान स्टॉल और वेंडरों की नियमित निगरानी की जा रही है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेनों और स्टेशनों पर केवल अधिकृत वेंडरों एवं अधिकृत खान-पान स्टॉलों से ही खाद्य सामग्री खरीदें। किसी अनाधिकृत वेंडर के दिखाई देने पर तत्काल संबंधित रेलवे अधिकारियों को सूचना देने की अपील भी की गई है।
