रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का छापा, 600 किलो खराब मिठाइयां नष्ट | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का छापा, 600 किलो खराब मिठाइयां नष्ट | New India Times

रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के नेतृत्व में तीन खाद्य सुरक्षा टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।

शहर के निगोही रोड स्थित कादिर हसन कैनली ट्रेडर्स के मिठाई कारखाने पर छापामार कार्रवाई के दौरान गुणवत्ता के संदेह में रसमलाई का एक, बर्फी के दो, लौज का एक और रिफाइंड पामोलीन ऑयल का एक नमूना लिया गया। नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।

निरीक्षण के दौरान कारखाने में पांच टिन और 16 प्लास्टिक कंटेनरों में रखी खराब रसमलाई, गुलाब जामुन, बर्फी, पेड़ा और सोहन पपड़ी को गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया। नष्ट की गई मिठाइयों का कुल वजन करीब 600 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है।

कारखाने में मिठाइयां बनाने और रखने में इस्तेमाल हो रही लोहे की कड़ाहियों में जंग लगी मिलने पर उन्हें तत्काल परिसर से हटवाया गया। खाद्य विभाग ने भविष्य में मिठाइयों के निर्माण और भंडारण में स्टेनलेस स्टील के बर्तनों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा तिलहर तहसील के मेन मार्केट खुदागंज स्थित सत्येंद्र स्वीट पर मिल्क केक और पेड़ा के एक-एक नमूने लिए गए। अजीजगंज क्षेत्र से दूध का भी एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजते हुए रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की बात कही गई है।

सत्येंद्र स्वीट पर मानक के अनुरूप साफ-सफाई नहीं मिलने और खाद्य पदार्थ खुले व अव्यवस्थित तरीके से रखे पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों में रंगों का सीमित मात्रा में प्रयोग करने के निर्देश भी दिए।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मानवेन्द्र कुमार, करण कुमार, सौरभ सोनी, अजीत कुमार और मनोज कुमार निरीक्षण अभियान में शामिल रहे। विभाग ने साफ किया कि मिलावट के खिलाफ छापामार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version