मोहम्मद सिराज, ब्यूरो चीफ, पांढुर्णा (मप्र), NIT:
पांढुर्णा जिले की सौंसर तहसील में करीब तीन वर्ष पूर्व डीएसपी पद से सेवानिवृत्त हुए के.के. वर्मा के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। खास बात यह है कि जिस थाना क्षेत्र में वर्मा डीएसपी के पद पर रह चुके हैं, उसी सौंसर थाने में उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से 2023 के बीच के.के. वर्मा ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसे धमकाया गया और जातिगत टिप्पणी भी की गई।
बताया गया कि वर्ष 2017 में सौंसर में पदस्थापना के दौरान एक प्रकरण के सिलसिले में महिला की वर्मा से मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने के.के. वर्मा के खिलाफ दुष्कर्म, आपराधिक धमकी और एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।
मामला दर्ज होने के बाद सौंसर पुलिस ने भोपाल के गांधी नगर स्थित उनके निवास से के.के. वर्मा को गिरफ्तार किया। शनिवार को उन्हें सौंसर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
के.के. वर्मा पूर्व में छिंदवाड़ा जिले के एजेके थाना सहित अन्य स्थानों पर भी पुलिस अधिकारी के रूप में पदस्थ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
