हैदराबाद विश्वविद्यालय में 18 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार व ग्लोबल सुपर-30 सम्मान समारोह | New India Times

संदीप शुक्ला, हैदराबाद (तेलंगाना), NIT:

भारतीय प्रवासी परिवारों में हो रहे सामाजिक एवं पारिवारिक बदलाव, पारिवारिक कल्याण, सामाजिक चुनौतियों तथा नीतिगत प्रतिक्रियाओं पर व्यापक अकादमिक एवं सामाजिक संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से 18 सितंबर 2026 को हैदराबाद विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय सेमिनार एवं ग्लोबल सुपर-30 सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया जाएगा।

यह कार्यक्रम गोपाल किरन समाजसेवी संस्था (जीकेएसएसएस), ग्वालियर द्वारा भारतीय प्रवासी अध्ययन केंद्र (सीएसआईडी), हैदराबाद विश्वविद्यालय एवं एसआरएम विश्वविद्यालय, सोनीपत, दिल्ली-एनसीआर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

सेमिनार का मुख्य विषय “बदलते भारतीय प्रवासी परिवार : सामाजिक परिवर्तन, पारिवारिक कल्याण एवं नीतिगत प्रतिक्रियाएं” रखा गया है। इस विषय के अंतर्गत भारतीय प्रवासी परिवारों में बदलती पारिवारिक संरचना, सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिवर्तन, पारिवारिक संबंध, पहचान, परिवार का कल्याण, प्रवासी जीवन की चुनौतियों तथा कानून एवं नीतियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों, शोधार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, साहित्यकारों तथा सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों की सहभागिता प्रस्तावित है। इसके साथ ही विदेशों से भी शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, भारतीय प्रवासी समुदाय से जुड़े प्रतिनिधियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों के अनुसार, सेमिनार का उद्देश्य केवल एक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि भारतीय प्रवासी परिवारों से जुड़े समकालीन प्रश्नों पर देश-विदेश के विशेषज्ञों के बीच सार्थक संवाद स्थापित करना है। इसके माध्यम से शोध, अनुभव एवं नीतिगत दृष्टिकोणों को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।

शोध-पत्र आमंत्रित

सेमिनार के लिए विभिन्न विषयों से जुड़े शोध-पत्र भी आमंत्रित किए गए हैं। प्राप्त शोध-पत्रों में से चयनित शोध-पत्रों को सेमिनार में प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा तथा निर्धारित अकादमिक एवं संपादकीय मानकों के अनुरूप उनके प्रकाशन की संभावना रहेगी।

सेमिनार में विशेषज्ञ व्याख्यान, शोध-पत्र प्रस्तुतियां, परिचर्चा, प्रश्नोत्तर एवं अकादमिक संवाद सहित विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। इससे शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को अपने शोध और विचारों को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्व होंगे सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, शोध, सामाजिक सेवा, साहित्य, संस्कृति, नेतृत्व तथा अन्य सामाजिक एवं रचनात्मक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चयनित व्यक्तित्वों को ग्लोबल सुपर-30 सम्मान-2026 से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान का उद्देश्य समाज एवं राष्ट्र के लिए सकारात्मक योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के कार्यों को पहचान और प्रोत्साहन देना है।

विश्वविद्यालय परिसर में होगा आयोजन

कार्यक्रम का आयोजन सम्मेलन कक्ष, सामाजिक विज्ञान विद्यालय, हैदराबाद विश्वविद्यालय, गाचीबोवली, हैदराबाद, तेलंगाना में किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे से प्रस्तावित है।

बाहर से आने वाले पूर्व-पंजीकृत प्रतिभागियों एवं अतिथियों के लिए उपलब्धता तथा संस्थागत व्यवस्था के आधार पर विश्वविद्यालय परिसर में आवास की व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है।

राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सहभागिता की संभावना

आयोजकों को उम्मीद है कि कार्यक्रम में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी प्रतिभागियों की सहभागिता होगी। विशेष रूप से भारतीय प्रवासी परिवारों एवं प्रवासी समुदाय से जुड़े विषय पर होने के कारण विदेशों में कार्यरत शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं तथा भारतीय प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधियों के जुड़ने की संभावना है।

गोपाल किरन समाजसेवी संस्था के अध्यक्ष श्रीप्रकाश सिंह निमराजे ने बताया कि संस्था का प्रयास है कि हैदराबाद में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम अकादमिक गुणवत्ता, सामाजिक सरोकार और अंतरराष्ट्रीय सहभागिता का प्रभावी मंच बने। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी परिवार आज सामाजिक परिवर्तन के महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं और उनके अनुभवों, चुनौतियों तथा नीतिगत आवश्यकताओं पर गंभीर एवं तथ्यपरक चर्चा की आवश्यकता है।

उन्होंने देश-विदेश के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शोधार्थियों एवं प्रवासी समुदाय से जुड़े प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में सहभागिता करने तथा समय पर पंजीयन कराने का आग्रह किया।

संपर्क एवं पंजीयन

श्रीप्रकाश सिंह निमराजे
अध्यक्ष, गोपाल किरन समाजसेवी संस्था (जीकेएसएसएस), ग्वालियर
मो.: 94251 18370 | 91796 71309 | 62324 62256
ई-मेल: gksss85_org@rediffmail.com

श्री निमराजे ने कहा कि यह आयोजन भारतीय प्रवासी परिवारों से जुड़े विषयों पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अकादमिक संवाद, शोध सहयोग और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version