अहमद रज़ा खान, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

शनिवार शाम हुई मूसलाधार बारिश ने चुनार शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। कुछ ही घंटों की तेज बारिश के बाद शहर के मुख्य मार्गों, चौराहों और निचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया। कई स्थानों पर सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। जलभराव के कारण कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए, वहीं राहगीरों और वाहन चालकों को पानी के बीच से गुजरने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। निचले इलाकों में स्थित दुकानों और मकानों में भी पानी घुसने का खतरा बना रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण कर पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को परेशानी से राहत मिल सके।

