जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:
मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनोवर पटेल ने वार्ड नंबर 41 के बाग फरहत अफजा, ऐशबाग क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की। हाईमास्ट लाइट के उद्घाटन समारोह के दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से सीवेज लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। इसके बाद सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा।
इस अवसर पर पार्षद डॉ. रेहान सिद्दीकी भी उनके साथ मौजूद रहे। डॉ. सनोवर पटेल ने कब्रिस्तान में जनाजे की नमाज के लिए बनाए गए शेड में संबोधित करते हुए वक्फ संपत्तियों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वक्फ संपत्तियों के कथित दुरुपयोग और अनियमितताओं को लेकर करीब 29 करोड़ रुपये के नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों को अभी भी अपनी बात रखने और सुधार का एक अवसर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और उनके सही उपयोग से समझौता नहीं किया जाएगा।
डॉ. पटेल ने लोगों से संपत्ति कर समय पर जमा करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि कर की राशि समय पर जमा होने से गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए किए जाने वाले कार्यों में और इजाफा किया जा सकेगा।
वहीं, पार्षद डॉ. रेहान सिद्दीकी ने अपने संबोधन में कहा कि वक्फ की संपत्ति को किसी को भी नुकसान पहुंचाने या गलत तरीके से इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र के लोगों के साथ खड़े हैं और वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास, वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
