अबरार अली, डुमरियागंज, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

आम आदमी पार्टी के बौद्ध प्रांत अध्यक्ष एवं डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी इंजीनियर इमरान लतीफ़ ने विधानसभा क्षेत्र के मिठवल ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने मसिना खास स्थित प्राथमिक विद्यालय और मसिना बाजार की बदहाल सड़क का निरीक्षण किया तथा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

मसिना खास के प्राथमिक विद्यालय की स्थिति देखकर इमरान लतीफ़ ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय में गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चे शिक्षा ग्रहण करने आते हैं, वहां स्कूल भवन जर्जर हालत में है। विद्यालय परिसर में कुआं मौजूद है और जगह-जगह पानी जमा होने के कारण गंदगी एवं दुर्गंध की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा, दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन गांवों में सरकारी स्कूलों की वास्तविक स्थिति उन दावों पर सवाल खड़े करती है। जब बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ विद्यालय परिसर तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, तो विकास के इन दावों का क्या मतलब है?
इमरान लतीफ़ ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के पास नफरत और विभाजन की राजनीति के लिए तो समय और संसाधन हैं, लेकिन गांवों के जर्जर स्कूलों और बदहाल सड़कों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता को भाषण और नफरत नहीं, बल्कि अच्छी सड़क, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और रोजगार चाहिए।
भाजपा नेता राघवेंद्र सिंह पर निशाना साधते हुए इमरान लतीफ़ ने कहा कि राघवेंद्र सिंह नफरत की राजनीति छोड़कर जनता के बीच जाएं और बताएं कि उनके क्षेत्र में स्कूलों और सड़कों की यह दुर्दशा क्यों है। उन्होंने कहा कि जनता के असली सवालों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक और भावनात्मक मुद्दे उठाने से गांवों की समस्याएं खत्म नहीं होंगी।
उन्होंने कहा कि मसिना बाजार की सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इस मार्ग से प्रतिदिन गुजरने वाले राहगीरों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या का समाधान करने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठा रहे हैं।
इमरान लतीफ़ ने कहा कि चुनाव के समय गांवों की जनता और उनकी समस्याएं याद आती हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनप्रतिनिधि जनता से दूरी बना लेते हैं। उन्होंने कहा कि अब ऐसा नहीं चलेगा। जनता अपने अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सवाल भी पूछेगी और संघर्ष भी करेगी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मसिना बाजार की सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी स्थानीय जनता के साथ मिलकर जनआंदोलन करेगी। जनहित के मुद्दों पर किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की राजनीति लोगों को आपस में लड़ाने और समाज में नफरत फैलाने की नहीं, बल्कि जनता के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क और विकास के लिए संघर्ष करने की राजनीति है।
इमरान लतीफ़ ने कहा कि डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है। जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक क्षेत्र की जनता को उसका हक और बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल जातीं।
इस दौरान जिला अध्यक्ष जलाल चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष राम करण गौड़, नोमान उस्मानी, सुभाष गौतम, जिला सचिव इमरान खान, राम नारायण पांडेय, महेश वर्मा, रावी रिज़वी, अब्बास काज़मी, देवेंद्र सिंह, नायब उस्मानी आदि मौजूद रहे।
