जल जीवन मिशन की समीक्षा में केंद्रीय राज्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश, हर मजरे के घर तक पहुंचाएं नल का पानी | New India Times

हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

https://www.newindiatimes.net/wp-content/uploads/2026/08/VID-20260818-WA0044.mp4

केंद्रीय राज्यमंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक और जनपद की सांसद अनुप्रिया पटेल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार सहित संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव के अंतिम छोर पर बसे छोटे से छोटे मजरे के प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन घरों में अभी कनेक्शन नहीं हुए हैं, वहां आवेदन लेकर तत्काल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। कनेक्शन के बाद पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही क्षतिग्रस्त और लीकेज पाइपलाइनों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत भी तत्काल कराई जाए।
ग्रामीणों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 18001212164, 1912 और 1076 का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत भवनों, प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर टोल फ्री नंबर की वाल पेंटिंग कराकर उन्हें प्रदर्शित किया जाए, ताकि ग्रामीण आसानी से शिकायत या कनेक्शन के लिए आवेदन दर्ज करा सकें।
बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन के तहत जिले में 9 परियोजनाओं पर 6 एजेंसियां कार्य कर रही हैं। कुल 1609 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 10,525 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है तथा 1573 गांवों में ग्राम प्रधानों द्वारा कार्य पूर्ण होने का प्रमाण पत्र दिया जा चुका है। वहीं, 3,11,056 के लक्ष्य के सापेक्ष 3,10,295 घरेलू कनेक्शन किए जा चुके हैं।
अनुप्रिया पटेल ने पेयजल की शुद्धता पर विशेष जोर देते हुए समय-समय पर पानी की जांच कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि जिले के 1609 गांवों में पांच-पांच महिलाओं को पानी की जांच के लिए प्रशिक्षित कर टेस्टिंग किट उपलब्ध कराई गई है। मंत्री ने प्रशिक्षित महिलाओं की सूची और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने तथा उन्हें एक स्थान पर प्रशिक्षण देकर जल गुणवत्ता जांच के संबंध में जानकारी देने के निर्देश दिए। प्रत्येक गांव में जल मित्र का चयन कर उन्हें प्रशिक्षित करने को भी कहा गया।
बैठक में जिले में चयनित 802 नल जल मित्रों के कार्यों की जानकारी दी गई। ये जल मित्र पेयजल योजनाओं के संचालन, रखरखाव और छोटी तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान में सहयोग करेंगे। इसके अलावा 446 ग्राम पंचायतों में जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने जल सारथी एप के माध्यम से लालगंज क्षेत्र के बेलहा, गांदपुर, मोहनपुर भवरख और सिकंदरपुर मठना समेत अन्य गांवों में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यरत एजेंसियों से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, ट्यूबवेल, पाइपलाइन, सोलर पंप और घरेलू कनेक्शन सहित विभिन्न कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की।
इसके बाद नगर क्षेत्र में जल निगम नगरीय द्वारा अमृत एवं अमृत योजना-2.0 के तहत कराए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि नगर पालिका परिषद मीरजापुर की पांच निर्माणाधीन परियोजनाओं में दो पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि तीन प्रगति पर हैं। अहरौरा और कछवां नगर पालिका में भी एक-एक परियोजना निर्माणाधीन है। चुनार नगर पालिका की पेयजल योजना के लिए 126.85 करोड़ रुपये के अनुमोदन की जानकारी दी गई। वहीं, मीरजापुर नगर के पक्का पोखरा वार्ड में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति के लिए 14.03 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने नगर क्षेत्र में जल निगम के कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय को 31 अगस्त 2026 तक सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएंगे।
बैठक में विधायक छानबे रिंकी कोल, अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष इंजीनियर रामलौटन बिंद, राष्ट्रीय महासचिव रमाशंकर सिंह पटेल, राष्ट्रीय सचिव किसान मंच रमाकांत पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल सिंह पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष आईटी मंच दुर्गेश पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version