भूपेन्द्र पांडेय, मेजा/प्रयागराज (यूपी), NIT:

यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित एवं संभावित क्षेत्रों में निगरानी तेज़ कर दी है। मंगलवार को मेजा तहसील क्षेत्र के विकासखंड मांडा अंतर्गत राजापुर, शिरोमपुर और शिरोमनपुर क्षेत्रों का तहसीलदार यमुना प्रसाद वर्मा ने स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने यमुना नदी के जलस्तर, आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति तथा बाढ़ की संभावित परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से क्षेत्र की स्थिति के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
तहसीलदार ने कहा कि यमुना के जलस्तर में होने वाले बदलाव पर प्रशासन की लगातार नजर है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित कर्मचारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। मौके पर लेखपाल अमरनाथ सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे नदी के आसपास और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
