तेज रफ्तार ट्रक ने गाय को मारी टक्कर, 200 मीटर तक घसीटा; ट्रक में मिले संदिग्ध विद्युत उपकरण | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/दमुआ (मप्र), NIT:

दमुआ थाना क्षेत्र के माइनस चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी गाय को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गाय ट्रक के नीचे फंस गई और चालक उसे करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बजरंग दल के सहयोजक राहुल चौहान अपने साथियों के साथ माइनस चौक पर मौजूद थे। इसी दौरान रामपुर की ओर से एक सफेद रंग का ट्रक तेज गति से आता दिखाई दिया। लोगों ने हाथ देकर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। इसके बाद ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी गाय को टक्कर मार दी। गाय ट्रक के नीचे फंस गई और चालक उसे करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान गाय की दर्दनाक मौत हो गई।

जब गाय ट्रक से नहीं निकल सकी तो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो गाय का शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गाय के शव को सड़क से हटवाकर ट्रक को थाने ले गई।

ट्रक में मिले विद्युत उपकरण

दमुआ थाना प्रभारी प्रमोद सिरसाम द्वारा ट्रक की जांच किए जाने पर उसके डाले में पानी की मोटर-पंप, तांबे के केबल तार, लोहे का सामान और कुछ बैटरियां रखी मिलीं। शिकायत में ट्रक का नंबर MH 40 CD 3651 बताया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि ट्रक में लदा सामान कहां से लाया गया था और उसका स्वामित्व किसका है।

पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा दुर्घटना और पशु क्रूरता से जुड़े पहलुओं के साथ-साथ ट्रक में मिले सामान की भी जांच की जा रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version