पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में विकासखंड तिरला के सेक्टर-04 अंतर्गत ग्राम चारघाटी में नवांकुर संस्था युग ग्रामीण विकास समाज कल्याण सोसायटी द्वारा सोमवार को नवांकुर सखी हरियाली कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कलश यात्रा ग्राम चारघाटी स्थित आरोग्य भवन से प्रारंभ होकर गांव की प्रमुख सड़कों से होते हुए शिवलिंग मंदिर परिसर पहुंची। यहां महिलाओं द्वारा भगवान शिवलिंग पर जल एवं नारियल अर्पित किया गया। इसके बाद संवाद कार्यक्रम आयोजित कर नवांकुर सखियों को पौधे वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत किया गया। जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक के मार्गदर्शन में नवांकुर सखी कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि हरियाली अमावस्या के अवसर पर कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पौधारोपण को बढ़ावा देना और महिलाओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता पैदा करना है।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने पौधारोपण कर उनकी देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। बताया गया कि जन अभियान परिषद द्वारा पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी महिलाओं के सहयोग से सेक्टर स्तर पर नवांकुर सखी हरियाली कलश यात्रा का आयोजन 12 से 17 अगस्त तक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरपंच हीरालाल निनामा, ब्लॉक समन्वयक पप्पू भाबर, पंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
