सीएमओ ने सीएचसी पलिया का किया औचक निरीक्षण, बाढ़ से निपटने को दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

सीएमओ ने सीएचसी पलिया का किया औचक निरीक्षण, बाढ़ से निपटने को दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश | New India Times

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पलिया का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और संभावित बाढ़ से निपटने के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने इमरजेंसी वार्ड, कोल्ड चेन, पैथोलॉजी लैब और भर्ती वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। वार्डों में निर्धारित कलर कोड के विपरीत रंग-बिरंगी चादरें बिछी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित दैनिक कलर कोड के अनुसार ही बेड पर चादरें बिछाई जाएं।

सीएमओ ने सीएचसी पलिया का किया औचक निरीक्षण, बाढ़ से निपटने को दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश | New India Times

अस्पताल परिसर में गंदगी और जगह-जगह पानी भरा देखकर सीएमओ ने तत्काल जल निकासी कराने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इसके बाद सीएमओ ने औषधि भंडार कक्ष का निरीक्षण कर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और स्टॉक की स्थिति देखी। संभावित बाढ़ के मद्देनजर उन्होंने पर्याप्त मात्रा में जरूरी दवाओं का भंडारण रखने के निर्देश दिए। साथ ही जलीय जीवों के दंश से बचाव एवं उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा।
सीएमओ ने एंबुलेंस सेवा को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी, नियमित स्वास्थ्य टीमों के भ्रमण तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए अग्रिम रूप से स्वास्थ्य टीमों का गठन करने के भी निर्देश दिए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version