जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

सोशल मीडिया पर अंडकोष बेचकर करोड़ों रुपये कमाने से संबंधित भ्रामक वीडियो के झांसे में आकर पांच आरोपियों द्वारा 17 वर्षीय किशोर की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं। मुख्य आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा था, जिसमें अंडकोष बेचने पर 1.20 करोड़ से 2 करोड़ रुपये तक मिलने का दावा किया गया था। इसी लालच में उसने अपने साथियों के साथ वारदात की साजिश रची।
पुलिस जांच के मुताबिक, 6 अगस्त 2026 को आरोपियों ने इकबाल मैदान के पास पेन और चाबी के छल्ले बेचने वाले 17 वर्षीय रेहान को 100 रुपये देने का लालच दिया और लड़ाई का बहाना बनाकर उसे खटलापुरा की ओर ले गए। इसके बाद उसे छोटे तालाब स्थित धोबीघाट ले जाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या के बाद उसके शरीर से अंडकोष निकालकर प्लास्टिक की थैली में रखे गए, ताकि उन्हें दिल्ली के रास्ते विदेश भेजकर बेचने से बड़ी रकम हासिल की जा सके।
हालांकि, मुख्य आरोपी जोहेब खान अंग को बेचने में सफल नहीं हो सका। इसके बाद करीब तीन दिन बाद आरोपियों ने शव को छोटे तालाब में फेंक दिया।
11 अगस्त को छोटे तालाब में शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। 15 अगस्त को मृतक की मां ने उसके हाथ पर बने टैटू और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान रेहान के रूप में की। इसके बाद श्यामला हिल्स और तलैया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जोहेब खान (20), आमिर कुरैशी (18) सहित तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया।
जांच के दौरान पुलिस के सामने एक अन्य 17 वर्षीय किशोर भी आया, जिसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पहले उसे भी इसी तरह अपने जाल में फंसाने का प्रयास किया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात केवल सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक वीडियो से पैदा हुए भ्रम और लालच का नतीजा थी या इसके पीछे किसी बड़े मानव अंग तस्करी गिरोह की भूमिका भी है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
