अहमद रज़ा खान, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

मिर्जापुर नगर में बारिश के बाद जलभराव की गंभीर समस्या ने प्रशासन के विकास के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नटवा रेलवे अंडरपास में भारी जलभराव के चलते अंतिम यात्रा में शामिल लोगों को भीषण परेशानी का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में परिजन शव की अर्थी को कमर तक भरे पानी के बीच से कंधे पर उठाकर ले जाते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बारिश के बाद नटवा रेलवे अंडरपास पूरी तरह जलमग्न हो गया। पानी इतना अधिक भर गया कि आम लोगों का आवागमन भी मुश्किल हो गया। इसी दौरान अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर जा रहे परिजनों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। लोगों ने जान जोखिम में डालकर अर्थी को पानी पार कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इसके बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। लोगों का आरोप है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति पैदा होती है।
अंतिम यात्रा के दौरान सामने आई इस तस्वीर ने नगर की जलनिकासी व्यवस्था और विकास कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नटवा अंडरपास की जलभराव समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
