शरीफ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

रज़ा मेमोरियल पब्लिक स्कूल, पगिया में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सोनभद्र सुधांशु शेखर शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि अर्चना शुक्ला रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत कर तिरंगे को सलामी दी। विद्यालय परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा।
समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविता एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने अतिथियों और अभिभावकों की खूब वाहवाही बटोरी।
मुख्य अतिथि सुधांशु शेखर शर्मा ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, मेहनत और राष्ट्रप्रेम को जीवन में अपनाकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि अर्चना शुक्ला ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार और देशभक्ति की भावना विकसित करना भी जरूरी है। विद्यालय प्रबंधक हाफिज शरीफ खान ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार जताया। प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर बीडीसी संघ के जिला अध्यक्ष सरताज अहमद खान, शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष वकील अहमद खान, क्राइम जासूस के जिला ब्यूरो मुस्तकीम खान, मुख्तार अहमद, आरिफ खान, मौलाना पैगाम वास्ती सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई। समारोह में शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

