भारतीय पंचांग की तिथि के अनुसार मनाई गई शहीद चंद्रशेखर आजाद जयंती | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

भारतीय पंचांग की तिथि के अनुसार मनाई गई शहीद चंद्रशेखर आजाद जयंती | New India Times

वयं गुरुकुलम विद्यालय में शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती भारतीय पंचांग की तिथि के अनुसार श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को श्रद्धा, देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति के अनुरूप मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी चंद्रशेखर आजाद की वेशभूषा में सजकर पहुंचे और आजाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में संस्था के संचालक श्री ओम शर्मा एवं श्रीमती किरण शर्मा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संस्था के संचालक ओम शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जन्मदिवस केवल अंग्रेजी कैलेंडर की तारीख के अनुसार ही नहीं, बल्कि भारतीय पंचांग की तिथि के अनुसार मनाने की भी परंपरा रही है। इसी भारतीय परंपरा को विद्यालय में लंबे समय से आगे बढ़ाया जा रहा है। संस्था के प्रत्येक विद्यार्थी का जन्मदिन भी भारतीय पंचांग की तिथि के अनुसार मनाने की परंपरा विकसित की गई है।

उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों की अंकसूची में उनकी जन्मतिथि के साथ भारतीय पंचांग की तिथि अंकित करने की पहल भी की गई है, ताकि विद्यार्थी अपनी जड़ों, संस्कृति और भारतीय कालगणना से परिचित हो सकें।

ओम शर्मा ने कहा कि शहीद चंद्रशेखर आजाद का जीवन अदम्य साहस, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया और अंतिम क्षण तक अंग्रेजी सत्ता के सामने झुकने से इनकार किया। आजाद का जीवन विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति समर्पण, साहस और अपने संकल्प पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती दीपशिखा तिवारी, उपप्राचार्य श्री मकरंद आचार्य सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। नन्हे विद्यार्थियों का चंद्रशेखर आजाद की वेशभूषा में पहुंचना कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version