अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी भोपाल के छोटे तालाब में एक अज्ञात युवक का शव मिलने के बाद पुलिस उसकी पहचान और हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार शव करीब 3 अगस्त के बाद तालाब में फेंके जाने की आशंका है। पानी में मिलने तक शव काफी खराब स्थिति में पहुंच चुका था, लेकिन शरीर पर चाकू के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
एसीपी संतोष पटेल के मुताबिक पुलिस टीम पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। मृतक की जेब से कोई पहचान पत्र, आधार कार्ड या अन्य दस्तावेज नहीं मिले हैं। साथ ही पुलिस के पास मृतक की स्पष्ट तस्वीर भी उपलब्ध नहीं होने के कारण उसकी पहचान में परेशानी आ रही है।
अब पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से आम लोगों से मृतक की पहचान कराने में सहयोग की अपील की है। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष है। उसने लाल रंग की शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी। मृतक के दाहिने हाथ पर अंग्रेजी का ‘S’ और उसके नीचे ‘शंकर’ लिखा हुआ टैटू बना है। पुलिस को उम्मीद है कि इस टैटू के जरिए मृतक की पहचान हो सकती है।
एसीपी संतोष पटेल ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस हुलिए, कपड़ों या हाथ पर बने टैटू के आधार पर युवक को पहचानता है या उसके बारे में कोई जानकारी रखता है, तो पुलिस को तत्काल इस नम्बर पर 9407555861सूचना दें।
पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होने से उसके परिजनों तक पहुंचने के साथ ही हत्या की जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
