मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

महाराष्ट्र शासन के जलसंपदा विभाग के अंतर्गत विदर्भ जलविद्युत एवं उपसा सिंचन विभाग, यवतमाल के शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों में कार्यरत महिला कर्मचारियों की समस्याओं एवं शिकायतों के निवारण के लिए गठित शिकायत निवारण समिति में समाजसेविका श्रीमती मनीषा वसंतराव तिरणकर को गैर-सरकारी सदस्य (समाजसेविका) के रूप में नियुक्त किया गया है।
इस संबंध में कार्यकारी अभियंता प्र. प्र. वानखड़े के हस्ताक्षर से हाल ही में आधिकारिक नियुक्ति पत्र जारी किया गया। मनीषा तिरणकर चांदोरे नगर, विनाई सोसायटी, यवतमाल की निवासी हैं और पिछले कई वर्षों से महिलाओं की समस्याओं, अधिकारों एवं सामाजिक मुद्दों को लेकर सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित भी किया जा चुका है।
महिलाओं के प्रति उनके समर्पण और सामाजिक कार्यों को देखते हुए शासन की नीति के तहत गठित समिति में उन्हें शामिल किया गया है। महाराष्ट्र शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग, मुख्य अभियंता (विद्युत), जलविद्युत परियोजना, मुंबई तथा संबंधित मंडल कार्यालय के निर्देशानुसार समिति का गठन किया गया है।
समिति का उद्देश्य महिला कर्मचारियों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनकी शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से निवारण सुनिश्चित करना है। मनीषा तिरणकर की नियुक्ति पर सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लोगों ने उनका अभिनंदन किया। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनकी नियुक्ति से महिला कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी मंच मिलेगा और उन्हें न्याय दिलाने में मदद मिलेगी।
