मौ नगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर | New India Times

आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से मौ नगर में विद्यालयों और नगर परिषद के सहयोग से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जिला कलेक्टर के.एल. मीणा द्वारा किया गया। यात्रा प्रारंभ होते ही हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों और जयघोष के साथ नगरवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संदेश दिया।

यात्रा के दौरान पूरा नगर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। छात्र-छात्राओं ने अनुशासन के साथ कतारबद्ध होकर यात्रा में हिस्सा लिया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति कर्तव्य की भावना का संदेश दिया। यात्रा के दौरान माहौल को और आकर्षक बनाते हुए बुलडोजर पर सवार लोगों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों और युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत होती है तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है।

भव्य तिरंगा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा में शामिल विद्यार्थियों और नागरिकों के उत्साह से पूरे नगर का वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा। आयोजन के अंत में सभी ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशहित के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के समापन पर शामिल सभी लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सज्जन सिंह ने सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। यात्रा के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रही।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version