वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान के तहत आर्यकन्या इंटर कॉलेज, मिश्राना में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद रावत की मौजूदगी में छात्राओं को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। इस दौरान उन्हें पेट के कीड़ों से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और कृमिनाशक दवा के सेवन के फायदों के बारे में जागरूक किया गया।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद रावत ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के निर्देश पर जिले में 10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया गया। अभियान के दौरान 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश 10 अगस्त को दवा नहीं खा सके, उनके लिए 14 अगस्त को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों को आंतों के कीड़ों से मुक्त कर उनके स्वास्थ्य, पोषण और शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार करना है। यह अभियान वर्ष 2016 से लगातार संचालित किया जा रहा है। इसके तहत सरकारी व निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की दवा दी जाती है।
डॉ. रावत के अनुसार 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को 200 मिलीग्राम (आधी गोली) चूर्ण बनाकर पानी के साथ, 2 से 3 वर्ष के बच्चों को 400 मिलीग्राम की पूरी गोली पीसकर पानी के साथ तथा 3 से 19 वर्ष के बच्चों और किशोर-किशोरियों को 400 मिलीग्राम की पूरी गोली चबाकर दी जाती है।
उन्होंने अभियान में सहयोग के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य अभियानों की सफलता में शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में जिला प्रक्रिया प्रबंधक कुलदीप सिंह, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम से सचिन गुप्ता, शहरी स्वास्थ्य समन्वयक राहुल शाक्य सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
