संजेली फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण में देरी से बढ़े हादसे, विधायक वीरसिंह भूरिया ने कलेक्टर से शीघ्र निर्माण पूर्ण कराने की मांग की | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

संजेली फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण में देरी से बढ़े हादसे, विधायक वीरसिंह भूरिया ने कलेक्टर से शीघ्र निर्माण पूर्ण कराने की मांग की | New India Times

मेघनगर-थांदला विधानसभा क्षेत्र के विधायक वीरसिंह भूरिया ने झाबुआ कलेक्टर को पत्र लिखकर मेघनगर-थांदला मार्ग पर संजेली फाटक के आसपास हो रहे सड़क हादसों को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने संजेली रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है।

विधायक ने पत्र में बताया कि मेघनगर-थांदला मार्ग पर संजेली फाटक के आसपास आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने के कारण रेलवे फाटक और आसपास के मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि 11 अगस्त 2026 को भी संजेली फाटक के पास हुए सड़क हादसे में मेघनगर विकासखंड की ग्राम पंचायत तलावली के सरपंच के भाई और पिता की मृत्यु हो गई। इससे पूर्व भी बस से कंडक्टर के गिरने से उसकी मृत्यु हो चुकी है।

विधायक ने कहा कि ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पिछले करीब तीन वर्षों से चल रहा है। निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही फोरलेन निर्माण कार्य भी धीमी गति से चल रहा है, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन घटनाओं को लेकर क्षेत्रवासियों में भी आक्रोश है।

मेघनगर-थांदला मार्ग पर वाहनों का आवागमन काफी अधिक रहता है। यह मार्ग दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से भी जुड़ा हुआ है। साथ ही गुजरात और मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन इस मार्ग से होता है।

विधायक वीरसिंह भूरिया ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि एमपीआरडीसी एवं संबंधित निर्माण एजेंसी को आवश्यक निर्देश जारी कर संजेली फाटक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके और आमजन को आवागमन में राहत मिल सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version