मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
ग्राम पंचायत पनारा के वार्ड नंबर-1 हेटी के माली सगनिया मार्ग पर स्थित पुलिया के निर्माण एवं मरम्मत कार्य को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों के अनुसार ठेकेदार द्वारा कुछ माह पहले पुलिया की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन करीब आठ महीने में ही पुलिया पर दोबारा गड्ढा दिखाई देने लगा है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिया पर पहले बड़ा गड्ढा हो गया था, जिसके बाद ठेकेदार द्वारा इसकी मरम्मत कराई गई। ग्रामीणों का आरोप है कि मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके चलते कुछ ही समय बाद पुलिया की सतह पर फिर से गड्ढा नजर आने लगा है। आने वाले समय में यह गड्ढा और बड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा पिलर या रेलिंग का निर्माण किया जाना चाहिए था, लेकिन ठेकेदार द्वारा पुलिया पर सुरक्षा के लिए आवश्यक पिलर नहीं बनाए गए हैं। इससे बारिश के दौरान पुलिया के ऊपर से पानी बहने की स्थिति में दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, यदि आवागमन के दौरान कोई व्यक्ति फिसलकर पुलिया से नीचे गिरता है तो वहां सुरक्षा पिलर या रेलिंग नहीं होने के कारण गंभीर हादसा हो सकता है। नीचे बड़े पत्थर और पानी होने के कारण चोट लगने की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पुलिया के निर्माण एवं मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा सुरक्षा के लिए आवश्यक पिलर या रेलिंग जल्द बनवाने की मांग की है।
