रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

मेघनगर स्थित सेंट अर्नोल्ड चर्च में विश्व आदिवासी दिवस बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के महिला, पुरुष और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। ढोल, मांदल और बांसुरी की मधुर धुन पर नृत्य करते हुए लोग जुलूस के रूप में चर्च परिसर पहुंचे।

सेंट अर्नोल्ड चर्च परिसर में पूजन विधि मुख्य याचक फादर एलियास निनामा द्वारा भीली भाषा में संपन्न कराई गई। पूजन विधि के पश्चात दहेज प्रथा, शराब और डीजे संस्कृति जैसे सामाजिक विषयों पर पैनल चर्चा आयोजित की गई।

अपने उद्बोधन में फादर एलियास निनामा ने आदिवासी समाज से अपनी संस्कृति और धरोहर को सुरक्षित रखने का आग्रह किया। उन्होंने समाज के लोगों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की बात कही।
कार्यक्रम में फादर मथियास गुड़िया, फादर डिमेलो, फादर एंड्रूज लोबू सहित सैकड़ों की संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत एवं आभार प्रदर्शन पल्ली पुरोहित फादर जोमोन जेम्स ने किया।
