मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के कार्यालय में एलिम्को कानपुर एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के सहयोग से दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के लिए चयन एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में पात्र दिव्यांगजन पहुंचे।
एलिम्को कानपुर की प्रोस्थेटिस्ट एवं ऑर्थोटिस्ट डॉ. समृद्धि सोनी ने बताया कि प्रत्येक जनपद से लगभग 15 पात्र दिव्यांगजनों के चयन का प्रस्ताव है। पात्रता के लिए आवेदक की आयु 18 वर्ष से अधिक, दिव्यांगता 80 प्रतिशत या उससे अधिक होना आवश्यक है। इसके साथ ही आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के संचालन के लिए दोनों हाथों का सही स्थिति में होना भी जरूरी है। पूर्व में इस योजना का लाभ ले चुके दिव्यांगजनों के लिए कम से कम पांच वर्ष की अवधि पूरी होना आवश्यक है।
रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. विजय जोहरी ने डॉ. समृद्धि सोनी का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एलिम्को का प्रयास सराहनीय है। रेड क्रॉस सोसायटी भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग करती रहेगी।
शिविर में श्रीपाल, शेर सिंह, राजवीर, अरविंद, बिनय, सानू खान, रामसेवक, नीरू, बलजीत, शरीफ, धर्मवीर, तसव्वुर और अरविंद सिंह सहित अन्य दिव्यांगजनों का मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए चयन एवं पंजीकरण किया गया।
इस अवसर पर बालकृष्ण पांडे, डॉ. बृजेश गुप्ता, अवनीश सक्सेना, रामदास, राम कुमार, विनोद, तरुण देवी, सुबर्ण मिश्रा, अमित कुमार सहित रेड क्रॉस स्वयंसेवक एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
