मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
ग्राम पंचायत खापा स्वामी में जीएम ऑफिस के पास स्थित एक ढाबे पर खुलेआम शराब परोसे जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के मुताबिक, ढाबे की आड़ में कथित रूप से शराब बिक्री और सेवन का सिलसिला चल रहा है।
बताया जा रहा है कि ढाबे से कुछ ही दूरी पर मिडिल स्कूल स्थित है, जहां आसपास के कई गांवों से विद्यार्थियों का आवागमन होता है। ऐसे में यहां शराबियों के जमावड़े और शराब सेवन से विद्यार्थियों पर बुरा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब पीने के बाद कुछ लोग शराब की बोतलें रास्ते में ही फेंक देते हैं, जिससे आसपास का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
वहीं, सावन माह के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, शराब के नशे में लोगों के घूमने और सड़क किनारे शराब पीने से मंदिरों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आबकारी विभाग पर भी मामले में ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कथित तौर पर शराब ठेकेदार की बोलेरो वाहन से शराब लाई जाती है और ढाबे पर लोगों को शराब उपलब्ध कराई जाती है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और आबकारी विभाग से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। अब सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है और ढाबे की आड़ में कथित रूप से चल रही शराब बिक्री पर कब अंकुश लगाया जाता है।
