मंसूरी समाज प्रदेशभर में चलाएगा जागरूकता अभियान | New India Times

जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

मंसूरी समाज प्रदेशभर में चलाएगा जागरूकता अभियान | New India Times

जमीअतुल मंसूर के प्रदेश प्रभारी जाहिद मंसूरी ने बताया कि मंसूरी समाज को सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से जल्द ही भोपाल में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों, तहसीलों और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों व जिम्मेदार लोगों के साथ चर्चा कर व्यापक जागरूकता अभियान की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को उनके अधिकार, हक-हुकूक, सरकारी योजनाओं, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जाहिद मंसूरी ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसकी शिक्षा, एकता और जागरूकता पर निर्भर करती है। इसी के तहत युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के जरिए शिक्षित युवाओं को राजनीति में आगे आने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जिम्मेदार भूमिका निभाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समाज के लोगों को मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक कर निष्पक्ष और जागरूक मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। यह अभियान किसी दल विशेष के समर्थन में नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जाएगा।
शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए समाज के जरूरतमंद और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें सहयोग दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर रहेगा।
अभियान के तहत बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता फैलाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। समाज में दहेज मुक्त विवाह को प्रोत्साहित करने और बेटियों को सम्मान व आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि समाज की एकता को मजबूत करने के लिए प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक संगठन को सशक्त बनाया जाएगा। विभिन्न सामाजिक समस्याओं पर सामूहिक चर्चा कर उनके समाधान के लिए ठोस पहल की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित बैठक के बाद विस्तृत कार्ययोजना बनाकर अभियान को पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। यह मुहिम समाज के सभी वर्गों—युवा, महिलाएं, बुद्धिजीवी और वरिष्ठजन की भागीदारी से सफल बनाई जाएगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version