राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
गोपालगंज थाना क्षेत्र में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों की शिकायत और पुलिस जांच के आधार पर मामले में कथित मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोप में एक कथित योगी बाबा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 5 जुलाई 2026 की है। तीली गांव स्थित पीएचई कार्यालय के पीछे रहने वाले देव कुमार अहिरवार (55) का पड़ोस में रहने वाले वीरेंद्र रजक उर्फ योगी वीरेंद्र विश्वनाथ तथा उसके दो अन्य साथियों से बच्चों के विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी।
आरोप है कि विवाद के दौरान योगी बाबा ने हाथ में मौजूद लोहे के चिमटे से देव कुमार के साथ मारपीट की। घटना के बाद देव कुमार मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे थे।
बताया गया है कि मारपीट और कथित अपमान से आहत होकर देव कुमार ने अपने घर के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया।
मामले की प्रारंभिक जांच और सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने वीरेंद्र रजक उर्फ योगी वीरेंद्र विश्वनाथ समेत तीन आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि पुलिस जांच में आरोपियों द्वारा कथित रूप से की गई मारपीट और उसके बाद हुई मानसिक प्रताड़ना के संबंध में तथ्य सामने आए हैं। इन्हीं तथ्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
