मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जनपद मुख्यालय से लगी ग्राम पंचायत दातलावाड़ी में मूलभूत सुविधा पेयजल की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। प्रशासनिक अनदेखी और जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते ग्रामीणों को पिछले करीब छह माह से पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में भी ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

ग्रामीण महिलाओं ने इस संबंध में जनपद पंचायत जुन्नारदेव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रश्मि चौहान को शिकायत पत्र सौंपकर समस्या के निराकरण की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि उन्हें खरीदकर पानी लाना पड़ रहा है। वहीं, निस्तार के लिए ग्रामीण डब्ल्यूसीएल की खंती के पानी पर निर्भर हैं। ग्रामीणों के अनुसार, इस पानी के उपयोग से कई लोगों को खुजली और फंगल इंफेक्शन जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
नल-जल योजना की जमीनी हकीकत पर सवाल
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन अभी तक नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। कुछ हिस्सों में पाइपलाइन बिछाई गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में अभी तक पाइपलाइन का काम पूरा नहीं हुआ है। इसके चलते योजना का लाभ सभी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी की समस्या कोई नई नहीं है। कई वर्षों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन इसका स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है।
ग्रामीण महिलाओं ने लगाए गंभीर आरोप
ग्रामीण महिलाओं ने पंचायत के कामकाज को लेकर भी सवाल उठाए हैं। महिलाओं का आरोप है कि उनकी समस्याओं को सुनने और मौके पर पहुंचकर स्थिति देखने के लिए पंचायत स्तर पर पर्याप्त पहल नहीं की जा रही है। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत में सरपंच के पति का हस्तक्षेप रहता है और ग्रामीणों को अपनी समस्याएं रखने में परेशानी होती है।
एक स्थानीय महिला ने बताया कि उसकी शादी को 31 वर्ष हो चुके हैं और वह शादी के बाद से गांव में रह रही है, लेकिन आज भी गांव की पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है।
सीईओ ने जल्द निराकरण का दिया आश्वासन
मामले में जनपद पंचायत जुन्नारदेव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रश्मि चौहान ने कहा कि पेयजल समस्या का निराकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नल-जल योजना के तहत कुछ वार्डों में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जबकि कुछ वार्डों में काम बाकी है। शेष कार्य जल्द पूरा कराकर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर कैंप आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका निराकरण किया जाएगा।
