मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

प्रसिद्ध नागद्वारी मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम राजनंदिनी सिंह, तहसीलदार ज्योति ठोके और जनपद पंचायत सीईओ रश्मि चौहान ने दमुआ और निमोटी क्षेत्र में पहुंचकर मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को बेहतर और सुचारु सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की। अधिकारियों ने पार्किंग व्यवस्था, मेले से गुजरने वाले मार्गों तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल टीम की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। इसके अलावा पूरे मेला क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
बताया जा रहा है कि नागद्वारी मेला 8 अगस्त से शुरू होता है, जिसमें मध्य प्रदेश के साथ-साथ महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह मेला जुन्नारदेव, दमुआ और नवेगांव क्षेत्र से होकर गुजरता है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
