अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

नगर निगम मथुरा-वृंदावन के भूतेश्वर मुख्यालय स्थित रिकॉर्ड विभाग स्टोर में अभिलेखों के सुरक्षित एवं आधुनिक प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। आईसीआईसीआई बैंक के सहयोग से स्थापित आधुनिक फाइल स्टोरेज (कंपैक्टर) सिस्टम का नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने फीता काटकर शुभारंभ किया।
नगर निगम में स्थापित इस अत्याधुनिक फाइल स्टोरेज (कंपैक्टर) सिस्टम की क्षमता लगभग 6,600 फाइलों के सुरक्षित भंडारण की है। इस प्रणाली के माध्यम से विभिन्न विभागों के महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं फाइलों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जा सकेगा।
इस मौके पर नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित यह व्यवस्था कार्यालय की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाएगी। कंपैक्टर सिस्टम के माध्यम से महत्वपूर्ण अभिलेखों को धूल, नमी, गंदगी एवं अन्य बाहरी क्षति से सुरक्षित रखा जा सकेगा, जिससे उनका दीर्घकालीन संरक्षण सुनिश्चित होगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन अभिलेख प्रबंधन को आधुनिक एवं तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। यह नई व्यवस्था न केवल रिकॉर्ड के संरक्षण को मजबूत करेगी, बल्कि कार्यालयीन कार्यों की गति एवं दक्षता में भी वृद्धि करेगी।
इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा आईसीआईसीआई बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे।
