महिला से छिनैती व मारपीट के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, 350 रुपये बरामद | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

प्रभारी निरीक्षक थाना सदर बाजार राजीव कुमार के नेतृत्व में सदर बाजार पुलिस ने महिला से कथित छिनैती, मारपीट और अभद्रता के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 350 रुपये नकद बरामद किए हैं।

प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि 6 अगस्त को एक महिला की तहरीर के आधार पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया था। महिला ने आरोप लगाया था कि नवेद उर्फ कासिफ और उसके साथियों ने उसका रास्ता रोककर जबरदस्ती की, मारपीट एवं गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा उसके 700 रुपये छीन लिए।

मामले की विवेचना के दौरान सदर बाजार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नवेद उर्फ कासिफ (25 वर्ष), निवासी मोहल्ला तारीन बहादुरगंज, थाना सदर बाजार को रिंग रोड आउटर से सुभाष नगर से शहबाज नगर जाने वाले मार्ग पर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 350 रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी की गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सूरज सिंह और कांस्टेबल संजय पोसवाल शामिल रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version