अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

भागलपुर जिले के कहलगांव शहर स्थित उत्तरवाहिनी गंगा तट से हजारों कांवड़ियों ने पवित्र गंगाजल भरकर भगवान शिव के जयघोष और भजनों की धुन पर नाचते-गाते बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए पैदल यात्रा शुरू की।

यह आयोजन पड़ाव संघ के बैनर तले संपन्न हुआ। इस वर्ष यात्रा का मुख्य आकर्षण विभिन्न आकार की भव्य कांवड़ें रहीं। श्रद्धालुओं ने 81, 61, 41 और 31 फीट लंबी आकर्षक कांवड़ों के साथ यात्रा निकाली। इसके अलावा भगवान शिव की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
यात्रा से पूर्व पड़ाव संघ की ओर से कहलगांव के उत्तरवाहिनी गंगा तट पर वाराणसी की तर्ज पर भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें पंडितों की टीम ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती संपन्न कराई।
संघ के ट्रस्टी एवं अध्यक्ष संतोष कुमार चौधरी ने बताया कि सभी कांवड़िए सोमवार को बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की भी विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर सांसद, विधायक, नगर अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक तथा हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा एवं जयघोष के साथ स्वागत कर उन्हें शुभकामनाओं सहित विदाई दी।
