रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

संत तेरेसा हाई स्कूल, पंचकुई में नवीन शैक्षणिक सत्र के अवसर पर छात्र-छात्राओं का शपथ ग्रहण समारोह एवं “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जागरूकता कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया।

समारोह में विद्यार्थियों ने अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली। विद्यालय के हेड बॉय अरविंद गुड़िया एवं हेड गर्ल पायल गणावा के नेतृत्व में नव-निर्वाचित छात्र परिषद ने शपथ ग्रहण की।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मेघनगर थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने की। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। साथ ही विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए परिश्रम, अनुशासन और अच्छे संस्कार अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने विशेष रूप से “नशे से दूरी है ज़रूरी” का संदेश देते हुए विद्यार्थियों से सभी प्रकार के नशों से दूर रहने का आह्वान किया। इसके साथ ही मोबाइल फोन के सीमित एवं विवेकपूर्ण उपयोग पर बल देते हुए उसके दुष्प्रभावों से सावधान रहने की सलाह दी।
विश्व प्रसिद्ध पंचकुई पल्ली के पल्ली पुरोहित फादर जामु कटारा ने शपथ ग्रहण समारोह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, जिम्मेदारी और सेवा-भाव सफलता की आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ पालन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ढूंढका ग्राम पंचायत के सरपंच रविंद्र भाभोर, थांदला ब्लॉक युवा अध्यक्ष अक्षय कामलिया, मेघनगर थाना पुलिस के अधिकारी एवं पुलिस साथी, विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर महिमा, शिक्षकगण, पालकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक रमेश मचार ने किया। अंत में संत तेरेसा हाई स्कूल के मैनेजर फादर मनीष डामोर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में मिले सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
