मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना चौक कोतवाली क्षेत्र की बेरी चौकी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में आयोजित बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर देवव्रत बाजपेयी ने थाना चौक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय राय एवं पुलिस बल के साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ताजियादारों तथा संभ्रांत लोगों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा उनके यथासंभव समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। साथ ही शासन के दिशा-निर्देशों और परंपरागत व्यवस्था के अनुरूप चेहल्लुम पर्व मनाने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। सभी से शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
