रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:
बड़वाह स्थित एसोसिएटेड अल्कोहल्स एंड ब्रेवरीज़ लिमिटेड (डिस्टिलरी) के यूनिट हेड बी. वी. कृष्णा रेड्डी एवं संस्था के महाप्रबंधक सुधीर तिवारी ने नवपदस्थ जिला कलेक्टर गुरुप्रसाद से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्रीय विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान श्री रेड्डी ने कंपनी की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत आसपास के क्षेत्रों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन, पर्यावरण संरक्षण तथा स्थानीय रहवासियों के कल्याण से संबंधित वर्तमान एवं प्रस्तावित योजनाओं से भी कलेक्टर को अवगत कराया।
श्री रेड्डी ने संस्थान के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों में जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कंपनी की सक्रिय सहभागिता का भरोसा दिलाया। इस पर कलेक्टर ने कंपनी की पहल का स्वागत करते हुए जनहित एवं क्षेत्रीय विकास के लिए प्रशासन के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
