वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

श्रावण मास के प्रथम सोमवार को जनपद में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिले के प्रमुख शिवालयों में तड़के भोर से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विश्व प्रसिद्ध मेंढक मंदिर और छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध गोला गोकर्णनाथ में लाखों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
ओयल कस्बे स्थित ऐतिहासिक एवं विश्व प्रसिद्ध मेंढक मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुबह पांच बजे मंदिर के कपाट खुलते ही शिवभक्तों और कांवड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई। पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का गंगाजल, दूध और बेलपत्र से जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
सावन के प्रथम सोमवार पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस ने छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिले की एसएसपी ख्याति गर्ग और नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ भी मौजूद रहे।
आईजी ने शिव मंदिर परिसर, कांवड़ मार्ग और श्रद्धालुओं की कतारों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि सावन माह में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए भी प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनपद के अन्य प्रमुख शिवालयों, जिनमें लिलौटीनाथ मंदिर, भुईफोरवानाथ मंदिर, जंगलीनाथ मंदिर और देवदेवेश्वर भोलेनाथ मंदिर (देवकली) सहित सभी शिव मंदिरों में दिनभर पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला जारी रहा।
